पटपड़गंज: दो बार से विधायक हैं AAP के मनीष सिसोदिया, क्या इस बार टक्कर दे पाएगी BJP?

 


पटपड़गंज: दो बार से विधायक हैं AAP के मनीष सिसोदिया, क्या इस बार टक्कर दे पाएगी BJP?











दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए आठ फरवरी को मतदान होगा और इसके ठीक तीन दिन बाद यानी 11 फरवरी को नतीजे आएंगे। दिल्ली में 70 विधानसभा की सीटें हैं। इसमें कई हाई प्रोफाइल सीट भी हैं। इसी में एक सीट है पटपड़गंज का। पूर्वी दिल्ली में पड़ने वाले इस विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तीसरी बाद मैदान में हैं। सिसोदिया 2013 और 2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव में यहां से जीत दर्ज कर चुके हैं। इस बार भी उनका पक्ष मजबूत बताया जा रहा है।


मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को यहां से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। लेकिन अभी तक भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। ऐसी चर्चा चल रही है कि मनीष सिसोदिया को टक्कर देने के लिए पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष मनीष सिंह को बीजेपी यहां से टिकट दे सकती है। वहीं कांग्रेस चौधरी अनिल कुमार के नाम पर विचार कर रही है। अनिल कुमार यहां से विधायक भी रह चुके हैं।


इस सीट पर पूर्वांचली और गढ़वाली वोटर्स बड़ी संख्या में हैं। इसके साथ ही मुस्लिम वोटर्स की संख्या भी ठीक ठाक है। बीजेपी की कोशिश है कि पूर्वांचली वोट अगर उनके पाले में आता है तो मनीष सिसोदिया को कड़ी टक्कर दी जा सकती है।


पटपड़गंज विधानसभा सीट का इतिहास


पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाले इस विधानसभा सीट पर बीजेपी को 1993 में जीत मिली थी। इसके बाद हुए पांच विधानसभा चुनावों में बीजेपी को हार का मुंह देखना पड़ा। 1993 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी के ज्ञान चंद यहां से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 1998 और 2003 में कांग्रेस के अमरीश सिंह गौतम विजेता रहे। इसके बाद कांग्रेस ने अमरीश सिंह गौतम की जगह चौधरी अनिल कुमार को टिकट दिया और 2008 में वे यहां से विधायक चुने गए। 2013 और 2015 में आप के मनीष सिसोदिया ने इसका प्रतिनिधित्व किया और एक बार फिर वो चुनाव मैदान में हैं।


2015 विधानसभा चुनाव का लेखा-जोखा


2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव में पटपड़गंज में कुल 1 लाख 40 हजार 875 वोट पड़े। 75 हजार 477 मत प्राप्त कर आप के मनीष सिसोदिया यहां से विजेता बने। दूसरे नंबर पर 46 हजार 716 वोट के साथ बीजेपी के विनोद कुमार बिन्नी रहे। वहीं 16 हजार 260 वोट कांग्रेस के अनिल कुमार को मिला। कुल मतदान का 53।58 प्रतिशत वोट अकेले मनीष सिसोदिया को मिला और वे भारी अंतर से चुनाव जीते।


प्रमुख पार्टियां


पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में आप, कांग्रेस और बीजेपी ही प्रमुख दल हैं। इसके साथ बीएसपी और शिवसेना भी अपने उम्मीदवार यहां खड़ा करते हैं। 2015 के चुनाव में इस सीट पर बीएसपी को 1213 तो शिवसेना को कुल 294 वोट मिले थे।